
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्पेशल कैंपेन 6 के तहत रविवार को केंद्र परिसर स्थित महात्मा गांधी कला वीथिका में स्वच्छता थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूल और कॉलेज के करीब 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया था। स्कूल वर्ग में कक्षा छह से आठ, कॉलेज वर्ग में कक्षा नौ से 12 तथा स्नातक वर्ग के प्रतिभागियों ने स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों को अपनी कल्पनाओं और रंगों के माध्यम से कैनवास पर उकेरा। प्रतिभागियों ने चित्रों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय, कार्यक्रम प्रभारी कृष्णमोहन द्विवेदी और श्रेयांश शुक्ला ने कैनवास पर चित्र बनाकर किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों की घोषणा बाद में की जाएगी। निर्णायक मंडल में डॉ. सचिन सैनी और रविंद्र कुशवाहा उपस्थित रहे। इस अवसर पर शैलेंद्र कुमार, आकाश अग्रवाल, रवि कुशवाहा, प्रांजल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पांच अक्टूबर से त्रिवेणी कला उत्सव
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के प्रेक्षागृह में सोमवार से तीन दिवसीय त्रिवेणी कला उत्सव का आयोजन किया जाएगा। केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा ने बताया कि पांच अक्टूबर को शाम छह बजे हरियाणवी लोकनृत्य की प्रस्तुति के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा। छह अक्टूबर को नाटक ‘द्रौपदी गाथा का मंचन किया जाएगा। उत्सव के समापन अवसर पर कलाकारों द्वारा हरियाणवी लोक गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी



