
Shankargarh: जूही भागदेवा चौराहे पर रास्ते की समस्या को लेकर कई दिनों से चल रहा भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक (टिकैत) का धरना रविवार को भी जारी रहा। संगठन की ओर से प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया।
धरना स्थल पर पहुंचे एसीपी बारा और थाना शंकरगढ़ के थानाध्यक्ष ने किसान यूनियन के पदाधिकारियों से बातचीत की। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने मौके से ही एसडीएम बारा और बीडीओ शंकरगढ़ से मोबाइल के माध्यम से संपर्क किया।
11 अक्टूबर से काम शुरू कराने का आश्वासन
वार्ता के दौरान जिगना और बंधवा गांव की रास्ते की समस्या को लेकर अधिकारियों ने किसान यूनियन के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि 11 अक्टूबर से रास्ते का काम शुरू कराया जाएगा।
प्रशासन की ओर से मिले इस भरोसे के बाद किसान यूनियन ने रविवार को प्रस्तावित पुतला दहन कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया। हालांकि संगठन ने साफ किया कि धरना-प्रदर्शन समाप्त नहीं किया गया है और आंदोलन जारी रहेगा।
11 अक्टूबर के बाद तय होगी आगे की रणनीति
किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि अब प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुसार 11 अक्टूबर का इंतजार किया जाएगा। यदि निर्धारित तारीख से रास्ते का काम शुरू हो जाता है तो आगे की रणनीति पर 12 अक्टूबर को कोर कमेटी की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद पुतला दहन को टाला गया है, लेकिन मांग पूरी होने तक संगठन की नजर पूरे मामले पर बनी रहेगी।
धरना स्थल पर जुटे किसान और कार्यकर्ता
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, यूनियन पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वार्ता के दौरान एसीपी बारा, थाना शंकरगढ़ के थानाध्यक्ष, एसडीएम बारा ऑनलाइन माध्यम से और बीडीओ शंकरगढ़ की मौजूदगी रही।
इस दौरान जिला महासचिव सुरेंद्र सिंह एडवोकेट, तहसील अध्यक्ष बारा राजेश्वर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शंकरगढ़ यतेन्द्र प्रताप सिंह के अलावा मान बहादुर सिंह, शिव नारायण सिंह, लल्लू प्रसाद, कन्हैया लाल, अर्जुन सिंह, चंद्रपाल सिंह, कृष्णा बहादुर सिंह, वीर बहादुर सिंह, लक्ष्मीकांत, अनिल, कमला प्रसाद और दीपू सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आश्वासन पूरा हुआ तो आंदोलन पर होगा फैसला
किसान यूनियन ने कहा कि प्रशासन की ओर से 11 अक्टूबर से काम शुरू कराने का जो भरोसा दिया गया है, अब उसी के अनुसार आगे की स्थिति देखी जाएगी। रास्ते का काम शुरू होने पर 12 अक्टूबर को होने वाली कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।
written by Siddhi Srivastava



