
Pratapgarh News:राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि निर्वाचन आयोग में दो चुनाव आयुक्तों के जरिये असहमति का पत्राचार लोकतंत्र के लिए ताजा परिवेश में सबसे बड़ी व गम्भीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए लगातार देश के संवैधानिक ढांचे पर प्रहार कर रही है।
सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस संसद से लेकर देश की आम जनता के बीच संघर्ष का बिगुल बजाकर बीजेपी के इन खतरनाक मंसूबों को कभी सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सच की आवाज को बुलंद कर संवैधानिक तंत्र को देश के सामने जवाबदेही के लिए मजबूर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और विपक्ष के सवालों से तिलमिलाई भाजपा लोकतांत्रिक एवं संसदीय परम्परा को भी ताक पर रख चुकी है। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने रामपुर खास में विधायक आराधना मिश्रा मोना द्वारा बहुमुखी विकास के सतत प्रयासों को जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि मंगापुर में खेल स्टेडियम तथा रामपुर बावली में कम्पोजिट विद्यालय की विधायक मोना की ताजा सौगात रामपुर खास के उज्ज्वल विकास की नई चमक है। सांसद प्रमोद तिवारी सोमवार को अठेहा से लगे कुम्भीआइमा बाजार में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ के संकल्प के तहत आयोजित विशाल जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस देश में जनता के अधिकार तथा लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।
विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि सांसद प्रमोद तिवारी के प्रयास से हाल ही में कुम्भीआइमा को सड़क तथा बिजली के क्षेत्र में करोड़ों की सौगात यहां के विकास को मजबूती प्रदान करने में सहायक सिद्ध हुई है। उन्होंने उदयपुर, मंगापुर क्षेत्र के लोगों को यह भरोसा दिलाया कि राजनैतिक प्रतिशोध के चलते जिस तरह से क्षेत्र विकास के लिए स्वीकृत कराये गये एक नये ब्लाक की राह में रोड़ा अटकाया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र के लोगों को नये ब्लाक की भी सहूलियत दिलाने में वह कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगी। जनसभा का संचालन पूर्व ब्लाक प्रमुख रामकृपाल पासी ने किया। जनसभा का संयोजन ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू व पूर्व प्रमुख दृगपाल यादव ने किया। इसके पहले कुम्भीआइमा बाजार पहुंचने पर सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक मोना का मंड़ी शेड से जनसभा स्थल तक सड़क के दोनों किनारों पर उमड़े हुजूम द्वारा पुष्पवर्षा तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
जनसभा को पूर्व प्रधान कमरूद्दीन, मुस्ताक अहमद, ब्रम्हदेव सिंह, अधिवक्ता इरफान ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मो0 आसिफ सिद्दकी, प्रभात ओझा, अंसार अहमद, प्रमोद तिवारी, विनोद शुक्ल, राजपति सिंह, फरहान रजा, मुन्ना सिंह, लल्लन सिंह, अरविन्द सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं सोमवार को संयुक्त दौरे में विधायक मोना तथा सांसद प्रमोद तिवारी का अठेहा बाजार में भी ग्रामीणों द्वारा गाजे बाजे के साथ जोरदार स्वागत हुआ दिखा। सांसद एवं विधायक के दौरे में प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, आशीष उपाध्याय, रोहित शुक्ल आदि रहे।
Read Also-Pratapgarh News: बेल्हा में मुस्लिम समाज तक ही क्यों सिमट रहा सियासी संपर्क?
रिपोर्ट-उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत



