
Prayagraj News : आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का 57वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत यज्ञ एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेविकाओं के मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक चेतना को ध्यान में रखते हुए हार्टफुलनेस संस्था की ओर से योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य स्वस्थ जीवन और व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। दैनिक जीवन में मन को शांत रखने, एकाग्रता बढ़ाने और चेतना को जागृत करने के लिए नियमित ध्यान को अपनाना चाहिए।
हार्टफुलनेस संस्था की राधा सक्सेना ने स्वयंसेविकाओं के साथ संवाद करते हुए विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से आत्मविश्वास और सकारात्मक चेतना के महत्व को समझाया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अर्चना पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए छात्राओं के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और इसके प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
शोध छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी शोध छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समाजशास्त्र विषय में पूरे देश में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर नेट क्वालीफाई करने वाली छात्रा सौम्या त्रिपाठी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
यज्ञ कर्म प्रशिक्षण शिविर का समापन
इसी अवसर पर संस्कृत विभाग की ओर से आयोजित 15 दिवसीय यज्ञ कर्म प्रशिक्षण शिविर का भी समापन हुआ। शिविर में करीब 20 छात्राओं ने यज्ञ कर्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रभारी एवं महाविद्यालय में हार्टफुलनेस संस्था की समन्वयक डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की सलाहकार डॉ. ममता गुप्ता, उप प्राचार्या प्रो. ईभा सिरोठिया, डीन प्रो. अंजू श्रीवास्तव सहित NSS की कार्यक्रम अधिकारी, पूर्व कार्यक्रम अधिकारी, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।



