
Pratapgarh News-जनपद में 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के प्रभावी संचालन एवं संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय स्थापित कर सामूहिक रूप से कार्य किए जाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 राममोहन मीना की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप माइक्रोप्लान तैयार कर सूचना उपलब्ध कराएं तथा माइक्रोप्लान का विधिवत अवलोकन करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीडीओ ने जिला मलेरिया अधिकारी को निर्देशित किया कि डेंगू एवं मलेरिया से बचाव के लिए फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव करने वाले कर्मचारियों को विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव की प्रक्रिया का डेमो कराकर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि अभियान के दौरान कार्य प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आपसी समन्वय एवं सामूहिक प्रयास बनाए रखें।
साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा आमजन को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 ए0एन0 प्रसाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत



