कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया लगातार जारी है और आने वाले समय में भर्ती अभियान और तेज किया जाएगा।
कई विभागों में खुलेंगे अवसर
मुख्यमंत्री के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग 36 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसके अलावा होमगार्ड विभाग में भी 41 से 42 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। वहीं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, शिक्षा चयन आयोग और लोक सेवा आयोग के माध्यम से भी हजारों पदों पर चयन प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न आयोगों के परिणाम आने के बाद बड़ी संख्या में युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।
पारदर्शी भर्ती पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आयोगों और चयन संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और योग्यता के आधार पर उन्हें यह अवसर मिला है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा को सही मंच देने से राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि युवा शक्ति उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में और मजबूत स्थान दिलाने में योगदान देगी।
अब तक लाखों युवाओं को मिला रोजगार
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले वर्षों में लाखों युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में भी रोजगार सृजन और भर्ती अभियान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
युवाओं को जिम्मेदारी निभाने का संदेश
नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वे सीधे जनता की सेवा से जुड़ने जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।