
PM Modi Brirhday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर वाराणसी में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनके कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य में जब नरेंद्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी, तो उसमें नक्सलवाद से मुक्ति, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना, करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालना और महिलाओं को संसद में बराबर की भागीदारी दिलाना जैसे फैसले प्रमुखता से दर्ज होंगे।
राजनाथ सिंह ने कहा कि एक महान नेता लोगों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नागरिकों को स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया है और युवाओं के सपनों को नई उड़ान दी है।
काशी-वडनगर यात्रा सेवा, संस्कार और साधना का संगम
रक्षा मंत्री ने कहा कि काशी से वडनगर तक निकाली जा रही यात्रा प्रधानमंत्री की जन्मभूमि को उनकी कर्मभूमि से जोड़ने का प्रयास है। काशी से नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को नई ऊर्जा मिली, जबकि वडनगर में उन्हें मां हीराबेन से संस्कार और आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने इस यात्रा को सेवा, संस्कार और साधना का संगम बताया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि काशी और वडनगर का संबंध करीब दो हजार वर्ष पुराना है। प्राचीन समय में बौद्ध भिक्षु सारनाथ से वडनगर तक ज्ञान और अध्यात्म का संदेश लेकर गए थे। आज उसी परंपरा को सेवा यात्रा के नए स्वरूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
2014 से पहले अवसर गंवा देता था भारत: राजनाथ सिंह
पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 से पहले देश के हाथ से कई बड़े अवसर निकल जाते थे। उस समय सरकारों को देश के विकास से ज्यादा अपनी कुर्सी बचाने की चिंता रहती थी।
उन्होंने सेमीकंडक्टर उद्योग का उदाहरण देते हुए कहा कि दुनिया की एक बड़ी चिप निर्माता कंपनी भारत में फैक्ट्री लगाना चाहती थी, लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने उसे दो बार अनुमति नहीं दी। इसके कारण देश रोजगार और औद्योगिक विकास के एक बड़े अवसर से वंचित रह गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने की पहल की, तो कई लोगों ने सवाल उठाए कि देश में यह उद्योग कैसे स्थापित हो सकता है।
‘आज भारत जो बोलता है, पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है’
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की वैश्विक छवि को मजबूत किया है। आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत जो बात रखता है, उसे पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है। उन्होंने कहा कि पहले भारत की बात को उतना महत्व नहीं दिया जाता था, जितना दिया जाना चाहिए था।
राजनाथ सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और अब प्रधानमंत्री के रूप में लगभग 12 वर्ष तक देश की सेवा की है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में निरंतर जनसेवा को प्राथमिकता दी है।
पंकज चौधरी बोले- 500 यात्री बाइक से काशी और वडनगर के बीच रवाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि काशी से 250 बाइक पर 500 यात्री गंगाजल लेकर वडनगर के लिए रवाना हुए हैं। इसी तरह वडनगर से भी 250 बाइक पर 500 यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी की ओर यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 7 अक्तूबर को वडनगर में बाबा हाटकेश्वर को जल अर्पित किया जाएगा, जबकि काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक कर यात्रा का समापन होगा।
10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा
पंकज चौधरी के अनुसार, यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश के 50 जिले इसके मार्ग में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक पड़ाव पर 15 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी, स्थानीय नेताओं से संवाद होगा और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया जाएगा।
चिराग पासवान बोले- नरेंद्र मोदी भारत के सम्मान और गौरव का नाम
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को देश और विदेश में नई पहचान दिलाई है। पिछले 12 वर्षों में उन्होंने अपनी सोच और कार्यशैली से देश की दिशा को प्रभावित किया है। आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का नाम हैं। यदि देश का हर युवा उनके व्यक्तित्व का थोड़ा-सा भी हिस्सा अपने जीवन में उतार ले, तो भारत का भविष्य और बेहतर हो सकता है।
चंद्रबाबू नायडू बोले- अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने काशी की धरती पर खड़े होने को गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि काशी दुनिया की सबसे प्राचीन नगरी होने के साथ-साथ नई सोच और ऊर्जा देने वाली भूमि है।
नायडू ने कहा कि वडनगर से काशी तक प्रधानमंत्री मोदी ने सेवा की यात्रा का संदेश दिया है। आज भारत बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। अन्नदाता मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तकनीक की समझ रखते हैं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। यही नए और आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपस्थित लोगों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दिलाईं।



