Delhi News: दिल्ली के ओखला में भीषण सिलेंडर विस्फोट, 2 लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल

Delhi News: दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार को हुए एक भीषण सिलेंडर विस्फोट ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। कम्युनिटी हॉल के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। साथ ही पुलिस और राहत-बचाव दल ने इलाके को घेरकर बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सिलेंडर उतारते समय हुआ धमाका

स्थानीय लोगों के अनुसार, एक वाहन में कई बड़े गैस सिलेंडर लाए गए थे। इन्हें उतारने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए और लोगों में भगदड़ मच गई।

शवों की पहचान में मुश्किल

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि विस्फोट बेहद भयावह था। धमाके की चपेट में आए दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि शवों की पहचान करने में भी मुश्किलें आ रही हैं। वहीं 3 से 4 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जांच में जुटी एजेंसियां

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिलेंडर फटने की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि, विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं। क्षेत्र को फिलहाल सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

राहत कार्य जारी

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की जांच की जा रही है ताकि किसी अन्य खतरे की संभावना को खत्म किया जा सके।

written by Siddhi Srivstava

Show More

Related Articles

Back to top button