Rohit Sharma: टी20 क्रिकेट को बल्लेबाजों का सबसे पसंदीदा प्रारूप माना जाता है, जहां रिकॉर्ड बनना और टूटना आम बात है। हर साल कई युवा खिलाड़ी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से नए कीर्तिमान स्थापित करते हैं। हालांकि भारतीय क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो पिछले नौ वर्षों से अडिग खड़ा है। यह रिकॉर्ड टी20 इंटरनेशनल में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने का है, जो रोहित शर्मा के नाम दर्ज है।
रोहित शर्मा ने दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सिर्फ 35 गेंदों पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया था। उनकी यह पारी आज भी भारतीय क्रिकेट की सबसे विस्फोटक और यादगार पारियों में गिनी जाती है। रोहित ने उस मैच में 43 गेंदों पर 118 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 10 छक्के निकले थे। उन्होंने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 165 रनों की शानदार साझेदारी भी की थी, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया था।
रोहित के इस रिकॉर्ड को तोड़ने के सबसे करीब युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पहुंचे। उन्होंने साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में शतक पूरा किया था। उस मुकाबले में अभिषेक ने 54 गेंदों पर 135 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। हालांकि वह रोहित के रिकॉर्ड से दो गेंद पीछे रह गए।
इसके अलावा संजू सैमसन 40 गेंदों में, तिलक वर्मा 41 गेंदों में और ईशान किशन 42 गेंदों में शतक लगा चुके हैं। सूर्यकुमार यादव और केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों ने भी तेज शतक जड़े हैं। बावजूद इसके, टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड आज भी रोहित शर्मा के नाम ही दर्ज है। यही कारण है कि नौ साल बाद भी वह इस सूची में नंबर-1 बने हुए हैं और उनका यह रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट के सबसे खास रिकॉर्ड्स में गिना जाता है।
written by Siddhi Srivastava