
Pratapgarh News-तहसील लालगंज में शनिवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 137 फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 75, पुलिस विभाग की 17, विकास विभाग की 5, समाज कल्याण विभाग की 1, विद्युत विभाग की 1, आपूर्ति विभाग की 9 तथा अन्य विभागों से संबंधित 29 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें राजस्व विभाग की 7, पुलिस विभाग की 3 और अन्य विभाग की 1 शिकायत समेत कुल 11 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
लापरवाही पर लेखपाल को लगाई फटकार
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सगरा सुंदरपुर के लेखपाल सर्वेश यादव पर कार्यों में लापरवाही और उदासीनता बरते जाने का मामला सामने आया। जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए लेखपाल को फटकार लगाई। साथ ही आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भूमि विवादों के लिए संयुक्त टीम बनाने के निर्देश
डीएम ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थलीय जांच के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सभी थानाध्यक्षों को पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं की समस्याएं विनम्रता और गंभीरता से सुनने तथा प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Read Also-Pratapgarh News-शिक्षक दिवस पर समाजवादी पीडीए पाठशाला का आयोजन, बच्चों को वितरित की गई पाठ्य सामग्री
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



