
Unnao News-विकासखंड असोहा अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगतखेड़ा कम्पोजिट का सोमवार को उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई खामियां सामने आईं। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने के साथ ही विद्यालय भवन में पानी भरने, सीलन, जर्जर भवन, शौचालय, बिजली, खेलकूद और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी कमियां भी मिलीं। एसडीएम ने प्रभारी शिक्षक को स्कूल स्तर की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में छह सहायक शिक्षक, एक अनुदेशक और एक सहचर कार्यरत हैं। विद्यालय में कुल 236 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि निरीक्षण के समय मात्र 86 छात्र ही उपस्थित मिले।
विद्यालय भवन की छतों पर पानी भरा मिला। छात्रों के कक्षों में भी पानी भरा होने के साथ काफी सीलन पाई गई। विद्यालय भवन की स्थिति जर्जर मिली। इसके अलावा विद्यालय में केवल बालिका शौचालय होने की बात सामने आई।
एसडीएम के निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बना हुआ नहीं मिला। भोजन की गुणवत्ता भी काफी खराब पाई गई। कुछ छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में भी नहीं मिले।
विद्यालय में विद्युत व्यवस्था कम मिली। विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल नहीं होने से सुरक्षा संबंधी समस्या भी सामने आई। छात्रों के लिए खेलकूद की सामग्री और खेल का मैदान भी उपलब्ध नहीं पाया गया।
एसडीएम दिग्विजय सिंह ने बताया कि विद्यालय स्तर पर दूर की जा सकने वाली कमियों को तत्काल ठीक कराने के लिए प्रभारी शिक्षक को निर्देशित किया गया है। वहीं भवन, विद्युत, बाउंड्रीवाल सहित अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी कमियों के निराकरण के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
Read Also-Sonbhadra News-रॉबर्ट्सगंज के विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उठाया कदम



