
Sonbhadra News-नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्ष एवं दुद्धी की पूर्व विधायक रूबी प्रसाद ने नगर के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दिलाने के लिए प्रदेश के नगर विकास मंत्री को पत्र सौंपा है। उन्होंने लंबित योजनाओं की स्वीकृति के साथ धनराशि जारी करने की मांग की है।
नगर पालिका अध्यक्ष की ओर से 5 अगस्त को भेजे गए प्रस्ताव के मुताबिक मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना और वन्दन योजना के तहत नगर में कई विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इन कार्यों की कार्ययोजना जिलाधिकारी सोनभद्र के स्तर से शासन को भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इनकी स्वीकृति और धन आवंटन लंबित है।
500 लाख रुपये की मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना
मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना 2025-26 के तहत नगर के लिए कुल 500 लाख रुपये की लागत से विभिन्न कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
इनमें मिलाही बांध फिल्टर प्लांट के पास 20 दुकानों के निर्माण के लिए 180 लाख रुपये, वार्ड संख्या 23 में चिल्ड्रेन पार्क के निर्माण के लिए 100 लाख रुपये तथा वार्ड संख्या 12 में पंचायत भवन से ढाबा तक सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 50 लाख रुपये प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा नगर पालिका परिषद में रिकॉर्ड रूम निर्माण के लिए 70 लाख रुपये और नगर पालिका कार्यालय के बगल में नी. सीएपीसी निर्माण के लिए 100 लाख रुपये की कार्ययोजना शामिल है।
पंचमुखी महादेव मंदिर के लिए 199.63 लाख का प्रस्ताव
वन्दन योजना 2025-26 के तहत वार्ड संख्या 4 स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में अवस्थापना संबंधी कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इसके लिए कुल 199.63 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित है।
स्वीकृति और धन आवंटन की मांग
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने नगर के व्यापक जनहित को देखते हुए शासन से लंबित कार्ययोजनाओं को जल्द स्वीकृति देने और प्रस्तावित धनराशि आवंटित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि योजनाओं के मंजूर होने से नगर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति और बजट आवंटन को लेकर अब शासन स्तर से आदेश का इंतजार है।



