69,000 Teacher Recruitment-आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर किया प्रदर्शन

69,000 Teacher Recruitment: Candidates from reserved categories staged a protest outside the Education Minister's residence.

69,000 Teacher Recruitment-69000 शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्ति की मांग को लेकर शनिवार को आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की और लंबित नियुक्तियों का समाधान किए जाने की मांग उठाई।

प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी रजनीश वर्मा ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से बातचीत की। अभ्यर्थियों के अनुसार, एसीपी ने मंगलवार तक बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोडवेज बस से ईको गार्डन स्थित धरना स्थल भेज दिया।

सुप्रीम कोर्ट में पेश हलफनामे के आंकड़ों पर सवाल

प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी इरशाद अहमद और यशवंत कुमार ने कहा कि 21 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से एक हलफनामा प्रस्तुत किया गया था। अभ्यर्थियों का दावा है कि हलफनामे में दिए गए आंकड़ों को लेकर वे संतुष्ट नहीं हैं।

अभ्यर्थियों के मुताबिक, हलफनामे में कुल 8,270 पदों का आंकड़ा सूची के साथ प्रस्तुत किया गया है। इसमें 3,324 पद ओबीसी वर्ग से संबंधित बताए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थियों के अनुसार पहले ही भरा जाना चाहिए था, लेकिन नियुक्ति नहीं हो सकी।

वहीं, विभाग की ओर से 4,946 पदों का एक अन्य आंकड़ा भी प्रस्तुत किया गया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि इन पदों के संबंध में बताया गया है कि संबंधित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया।

अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया कि यदि इन पदों पर संबंधित अभ्यर्थियों ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है तो उनके नाम अब तक सूची में क्यों बने हुए हैं। उनका कहना है कि ऐसे पदों पर मेरिट को नीचे तक ले जाकर अन्य पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाना चाहिए।

विभिन्न वर्गों में रिक्त पदों का दावा

अभ्यर्थियों के अनुसार, हलफनामे में सामान्य वर्ग के 1,144, ओबीसी वर्ग के 2,524, एससी वर्ग के 1,244 और एसटी वर्ग के 34 पद रिक्त बताए गए हैं।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग से मांग की कि भर्ती से जुड़े विवाद का शीघ्र समाधान करते हुए पात्र अभ्यर्थियों को न्याय दिया जाए और रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

प्रदर्शन में अनंत यादव, भोला अंबेडकर, धर्मवीर प्रसाद प्रजापति, आशुतोष पटेल, नजमा, अर्चना, शिखा मौर्या, किरन यादव, अर्चना मौर्य, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे।

Read Also-Pratapgarh News-विधायक डॉ. आरके वर्मा ने कैंप कार्यालय पर की जनसुनवाई, अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Show More

Related Articles

Back to top button