Pratapgarh News: बेल्हा में वरिष्ठ महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, अब रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा

Pratapgarh News: A major gift for senior women in Belha—free travel on Roadways buses.

Pratapgarh News:महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत पात्र वरिष्ठ महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रतापगढ़ के तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर योजना की शुरुआत की गई।

प्रतापगढ़ में कार्यक्रम का अवलोकन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ के अध्यक्ष प्रो. जयन्त खोत, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति समेत अन्य अधिकारियों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने किया।

मुख्य अतिथि प्रो. जयन्त खोत ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं और बेटियों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी सौगात है। इसके माध्यम से 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं रोडवेज बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, खेल, प्रशासन, कला और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. जयन्त खोत ने उपस्थित महिलाओं को मिष्ठान और परिधान भेंट कर सम्मानित किया। निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू होने से वरिष्ठ महिलाओं में उत्साह नजर आया। महिलाओं ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए योजना का स्वागत किया।

रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) आदित्य कुमार प्रजापति ने मुख्य अतिथि, अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित महिलाओं के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर रोडवेज प्रतापगढ़ डिपो के अधिकारी-कर्मचारी सुरेश चन्द्र पाण्डेय, शिवाकान्त मिश्रा, सुरेन्द्र सिंह, रत्नाकर तिवारी, बृजेश सिंह, जय प्रकाश और सत्य प्रकाश समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय सहायक प्रथम महेन्द्र प्रताप सिंह ने किया।

Read Also-UP News: सपा व कांग्रेस ने पिछड़े वर्गों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया : अमरपाल मौर्य

Show More

Related Articles

Back to top button