Unnao News-कस्तूरबा विद्यालय पाठकपुर में मिलीं कई खामियां, दो शिक्षिकाएं बिना सूचना अनुपस्थित

Unnao News: Several irregularities found at Kasturba Vidyalaya, Pathakpur; two teachers absent without notice.

Unnao News-असोहा क्षेत्र के पाठकपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बुधवार को उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह के औचक निरीक्षण में कई कमियां सामने आईं। विद्यालय में दो शिक्षिकाएं बिना प्रार्थनापत्र के अनुपस्थित मिलीं। इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षण कक्षों से जुड़ी समस्याएं भी निरीक्षण के दौरान सामने आईं। वहीं हिलौली क्षेत्र के मौरावां स्थित कस्तूरबा विद्यालय की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।

पाठकपुर विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पूर्णकालिक शिक्षिका श्वेता उपाध्याय और अंशकालिक शिक्षिका मोनिका शुक्ला बिना प्रार्थनापत्र के अनुपस्थित मिलीं। वार्डेन नीतू मौर्य ने एसडीएम को बताया कि कक्षा छह से आठ तक 100 छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें दो छात्राओं के नाम पृथक किए जा चुके हैं और 18 छात्राएं अनुपस्थित हैं। इन छात्राओं के लिए विद्यालय में छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है।

कक्षा नौ से 12 तक 67 छात्राओं का पंजीकरण है, जिनमें निरीक्षण के दौरान 13 छात्राएं अनुपस्थित मिलीं। इस कक्षा की छात्राओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था नहीं है।

एसडीएम ने खुद चखा छात्राओं का भोजन

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी। नाश्ते में नमकीन सेवई और चाय तथा दोपहर के भोजन में कढ़ी-चावल, रोटी और सब्जी तैयार मिली। एसडीएम ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की और भोजन व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

सुरक्षा और सुविधाओं में मिलीं कमियां

आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रवेश द्वार पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा मिला। शिक्षण कक्ष भी छोटे पाए गए। चहारदीवारी पर ग्रिल नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए। इसके अलावा परिसर में गंदगी, सिक्योरिटी गार्ड की कमी, आवागमन के लिए खड़ंजा और कंप्यूटर लैब का अभाव भी सामने आया।

हॉस्टल में 65 छात्राओं के नामांकन के सापेक्ष 50 छात्राएं ही रह रही थीं। एसडीएम ने विद्यालय में जनरेटर, चौकीदार समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

डीएम को भेजी जाएगी निरीक्षण रिपोर्ट

उपजिलाधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि विद्यालय में भोजन व्यवस्था ठीक पाई गई है, लेकिन अन्य कमियों को गंभीरता से लिया गया है। निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है, ताकि आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्थाओं में सुधार कराया जा सके।

वहीं मौरावां स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।

Read Also-UP News-तौरा गौशाला का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, साफ-सफाई को लेकर दिए सख्त निर्देश

Show More

Related Articles

Back to top button