
Pratapgarh News-जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में बुधवार को कैम्प कार्यालय सभागार में अजगरा महोत्सव-2026 की तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा को लेकर बैठक हुई। बैठक में महोत्सव को जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, लोक संवाद और सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए भव्य एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में महोत्सव के तहत आयोजित होने वाले ‘अजगरा महान संवाद-2026’ (द ग्रेट अजगरा डिबेट) की रूपरेखा पर विशेष चर्चा हुई। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को समसामयिक सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखने, सवाल पूछने और तार्किक संवाद करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव में परंपरा के साथ आधुनिक लोकतांत्रिक जनसंवाद के समन्वय पर विशेष जोर दिया गया है।
24 अगस्त से शुरू होगी चयन प्रक्रिया
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं। ग्राम एवं वार्ड स्तर से प्रतिभागियों के चयन से लेकर ब्लॉक, नगर निकाय, जोनल और जिला स्तरीय चरणों तक पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 24 से 26 अगस्त तक ग्राम पंचायत एवं वार्ड स्तर पर प्रतिभागियों का चयन होगा। इसके बाद 29-30 अगस्त को 17 विकासखंडों एवं 19 नगरीय निकायों के स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2-3 सितंबर को जोनल महासंवाद, 5 सितंबर को जिला स्तरीय महासंवाद एवं अंतिम आठ प्रतिभागियों की घोषणा प्रस्तावित है।
इसके बाद 6 से 16 सितंबर तक अंतिम आठ प्रतिभागियों का सार्वजनिक परिचय एवं तैयारी कराई जाएगी। वहीं 17 सितंबर को अजगरा महान संवाद (ग्रैंड फिनाले) आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
1427 प्रतिनिधियों से चुने जाएंगे अंतिम प्रतिभागी
ग्राम एवं वार्ड स्तर पर कुल 1427 प्रतिनिधियों, विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर 36 विजेताओं, जोनल स्तर पर 16 प्रतिभागियों तथा अंतिम चरण के लिए 8 प्रतिभागियों के चयन की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
अंतिम आठ प्रतिभागियों को ‘अजगरा अष्ट’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1,51,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1,01,000 रुपये और तृतीय पुरस्कार 75,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक में विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार और ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।
बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने का कार्य करेगा। पर्यटन विभाग को अजगरा महोत्सव के लिए आवश्यक समन्वय एवं अभिलेख तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सूचना विभाग को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
‘अजगरा महोत्सव’ को पहचान दिलाने पर जोर
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि अजगरा महोत्सव केवल एक आयोजन तक सीमित न रहकर जनपद की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक संवाद और नई पीढ़ी की रचनात्मक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच बने।
उन्होंने खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों नगर पालिका/नगर पंचायत तथा खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराने और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि यक्ष-युधिष्ठिर संवाद स्थल, अजगरा रानीगंज में 15 से 17 सितंबर तक अजगरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। पं. राजेश कुमार पाण्डेय ‘निर्झर प्रतापगढ़ी’ ने यक्ष-युधिष्ठिर संवाद, अजगरा रानीगंज के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।


