
Pratapgarh News:क्षेत्र के उमरपुर भटनी गांव में शुक्रवार को धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। स्वामी करपात्री जी की जन्मस्थली से जुड़े करपात्री चौक पर स्वामी करपात्री जी सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में अनुयायियों ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर पूजन किया। इस दौरान पूरा चौक स्वामी करपात्री जी महाराज, गाय और गंगा के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीरामचरित मानस राष्ट्रीय ग्रंथ संरक्षा अभियान समिति के राष्ट्रीय संयोजक ज्ञानप्रकाश शुक्ल और स्वामी करपात्री जी सेवा संस्थान के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनुराग तिवारी ने स्वामी जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर, आरती और माल्यार्पण के साथ किया।
इस अवसर पर ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने कहा कि स्वामी करपात्री जी महाराज ने गीता, रामचरितमानस, गौ और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए देश-दुनिया में सशक्त विचारधारा प्रस्तुत की। उनके विचारों और आध्यात्मिक योगदान ने राष्ट्र और सनातन परंपरा को नई दिशा देने का कार्य किया।
सह संयोजक अनिल त्रिपाठी ‘महेश’ और समाजसेवी पप्पू तिवारी ने भी स्वामी करपात्री जी महाराज के राष्ट्रीय एवं आध्यात्मिक दर्शन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र नारायण मिश्र ने की, जबकि संचालन महासचिव दीपेंद्र ओझा ने किया। आयोजन का संयोजन संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी ने किया।
जयंती पर किया गया पौधरोपण
जयंती समारोह को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए संस्थान के पदाधिकारियों ने वन दरोगा अमितांशु त्रिपाठी तथा विभागीय कर्मचारियों सरयू प्रसाद और मो. अरबाज के संयोजन में भटनी तालाब के तटवर्ती क्षेत्र में पौधरोपण किया। इस दौरान पीपल, बरगद, पाकड़, जामुन, आम और अमरूद के पौधे लगाए गए।
आयोजकों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाना भी जरूरी है। पौधरोपण के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में राकेश सिंह, रामबाबू मिश्र, राहुल सिंह, हरकेश तिवारी, डॉ. अंजनी तिवारी, अर्पित, देशराज सरोज, सुशील शुक्ल, विपिन सरोज, विश्वनाथ सरोज, अजय सरोज, सिद्धू चौरसिया, पुन्नू यादव सहित बड़ी संख्या में अनुयायी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



