Hockey World Cup 2026: 1975 का गौरव, फिर 51 साल का इंतजार; क्या इस बार खत्म होगा भारत का ट्रॉफी सूखा?

1975 में पहली बार विश्व कप जीतने के बाद भारत को खिताब का इंतजार, 2026 में 51 साल का सूखा खत्म करने उतरेगी टीम इंडिया

Hockey World Cup 2026: भारतीय हॉकी टीम के लिए विश्व कप का इतिहास गौरव, संघर्ष और लंबे इंतजार की कहानी रहा है। 1971 में पहली बार विश्व कप में उतरी भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीतकर शानदार शुरुआत की थी। इसके दो साल बाद 1973 में भारत फाइनल तक पहुंचा, लेकिन खिताब से चूक गया।

फिर आया 1975 का वो ऐतिहासिक साल, जब भारतीय हॉकी ने विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की। कुआलालंपुर में अजित पाल सिंह की कप्तानी में भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सुरजीत सिंह और अशोक कुमार ने भारत के लिए गोल किए थे।

इसके बाद नहीं मिली ट्रॉफी

1975 के बाद भारतीय टीम कई विश्व कप में उतरी, लेकिन खिताब तक नहीं पहुंच सकी। 1978 में गत चैंपियन भारत छठे स्थान पर रहा, जबकि 1982 में घरेलू मैदान पर टीम पांचवें स्थान पर रही। 1986 का विश्व कप भारतीय हॉकी के लिए बेहद निराशाजनक रहा और टीम 12वें स्थान पर रही।

1990 में लाहौर में आयोजित विश्व कप में भारत को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम ने खेल भावना बनाए रखी और उसे फेयरप्ले अवॉर्ड मिला। 1994 में भारत पांचवें स्थान पर रहा, लेकिन 1998 में टीम नौवें स्थान पर खिसक गई।

2000 के बाद भी जारी रहा इंतजार

2002 में भारत 10वें, 2006 में 11वें और 2010 में आठवें स्थान पर रहा। दिल्ली में हुए 2010 विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराकर यादगार जीत जरूर दर्ज की, लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका।

2014 में भारत नौवें स्थान पर रहा। इसके बाद भी टीम खिताबी मुकाबले तक पहुंचने में नाकाम रही। 2023 में भी भारत क्रॉसओवर मुकाबले में न्यूजीलैंड से हार गया और नौवें स्थान पर टूर्नामेंट खत्म किया।

Sports News: पीएम मोदी से मिले भारतीय खिलाड़ी, पदक विजेताओं से किया संवाद; 39 मेडल के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत

2026 में बड़ी उम्मीदें

अब 2026 का विश्व कप भारतीय टीम के लिए एक और बड़ा मौका लेकर आया है। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में आयोजित होगा। भारत की पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी।

भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह कर रहे हैं और टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती 51 साल से चले आ रहे विश्व कप खिताब के इंतजार को खत्म करना होगी।

1975 की यादें आज भी भारतीय हॉकी प्रशंसकों के लिए खास हैं। अब नजर इस बात पर है कि क्या 2026 में भारतीय टीम उस गौरवशाली इतिहास को दोहरा पाती है और हॉकी विश्व कप की ट्रॉफी एक बार फिर भारत लाती है।

Show More

Related Articles

Back to top button