
Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने आवास पर मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा किए। भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र ने भी पीएम मोदी को पाकिस्तान के एक खिलाड़ी से जुड़ा ऐसा मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
नरेंद्र ने बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला उनके लिए सिर्फ एक बॉक्सिंग मैच नहीं था, बल्कि भारतीय सेना से जुड़े होने के कारण यह उनके लिए भावनात्मक रूप से भी खास था। उन्होंने कहा कि जिस दिन उनका मुकाबला पाकिस्तान के मुक्केबाज से हुआ, उस दिन कारगिल दिवस था। उन्होंने मुकाबला 5-0 से जीतकर अपनी जीत कारगिल के वीर जवानों को समर्पित की थी।
पाकिस्तान के खिलाफ 5-0 से जीते थे नरेंद्र
नरेंद्र ने पीएम मोदी को बताया कि 2015 के वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में उनका सामना पहली बार पाकिस्तान के मुक्केबाज से हुआ था। मुकाबले से पहले उन्हें सेना की ओर से भी हौसला दिया गया था कि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला हर हाल में जीतना है।
नरेंद्र ने बताया कि उन्होंने पहला राउंड 4-1 से जीता और दूसरे राउंड में भी 3-2 की बढ़त बनाई। मुकाबले के दौरान दोनों खिलाड़ियों के सिर आपस में टकरा गए, जिससे दोनों को चोट लगी और बाद में अस्पताल जाकर टांके भी लगवाने पड़े। इसके बावजूद नरेंद्र ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
‘आपका नाम भी नरेंद्र, कोच भी नरेंद्र…’
नरेंद्र ने इसके बाद पाकिस्तान के खिलाड़ी से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उस समय उनके साथ गए भारतीय सेना के कोच का नाम नरेंद्र राणा था। नरेंद्र के मुताबिक, मुकाबले के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी ने उनसे कहा कि उनके नाम, उनके कोच के नाम और भारत के प्रधानमंत्री के नाम में एक समानता है।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी खिलाड़ी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘आपका नाम नरेंद्र है, आपके कोच का नाम नरेंद्र है और आपके प्रधानमंत्री का नाम भी नरेंद्र है।’ इसके बाद उसने कहा कि उसे नरेंद्र नाम से ही नफरत हो गई है।
नरेंद्र की यह बात सुनकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोर-जोर से हंस पड़े। खिलाड़ियों के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी का यह अंदाज काफी चर्चा में रहा।
कॉमनवेल्थ गेम्स में नरेंद्र ने जीता सिल्वर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र ने 90 प्लस किलोग्राम कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वह फाइनल में इंग्लैंड के डामार थॉमस से भिड़े, जहां उन्हें 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद नरेंद्र का प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने देश के लिए रजत पदक जीता।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रदर्शन भी ऐतिहासिक रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 मेडल जीते, जिसमें 13 गोल्ड शामिल रहे। मुक्केबाजी में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा और पुरुष व महिला टीम ने मिलकर कुल 10 पदक अपने नाम किए।



