
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बाघराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। आरोपियों के पास से मिले चार पहिया वाहन को भी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
औतारपुर तिराहे के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी के पर्यवेक्षण में बाघराय पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने औतारपुर रामवन गमन मार्ग तिराहे के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 6 किलो 190 ग्राम गांजा बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज सिंह (23 वर्ष) निवासी उमरी कोटिला, थाना बाघराय, निखिल सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही, थाना बाघराय और आलोक सिंह (20 वर्ष) निवासी कोर्रही, थाना बाघराय के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज
पुलिस ने बरामद गांजे के संबंध में थाना बाघराय में मु0अ0सं0 198/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद चार पहिया वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जिले में आपराधिक गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, आरक्षी अभिषेक कुमार, सत्यप्रकाश, सरकारी वाहन चालक अजीत कुमार, सहायक उपनिरीक्षक राजाराम सिंह, आरक्षी सिकन्दर मौर्य, राहुल यादव, महिला आरक्षी आंचल सिंह और मिली सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



