
Article 370:जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35(ए) के प्रावधान हटाए जाने के सात वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे देश के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में विकास कार्यों को नई गति मिली है और आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बीते सात वर्षों के दौरान दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के सभी अधिकार पूरी तरह लागू होने से महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों को समान अवसर मिले हैं, जिससे सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बल मिला है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती मनाई जा रही है। उनके अनुसार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी का योगदान देश के लिए प्रेरणास्रोत है और 5 अगस्त 2019 का निर्णय उनके विचारों को नई दिशा देने वाला कदम साबित हुआ।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर अपने संदेश में कहा कि अनुच्छेद 370 का हटना भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस फैसले ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सशक्त आधार प्रदान किया।
सरकार ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समग्र विकास, नागरिकों के सशक्तिकरण और क्षेत्र में नई संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।



