Sonbhadra Loot News: सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाला इनामी बदमाश एनकाउंटर में गिरफ्तार, 62 लाख से अधिक के जेवर बरामद

18 जुलाई को शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई थी लूट, पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी, साथी अब भी फरार।

Sonbhadra Loot News:18 जुलाई को सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई करोड़ों की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी पंकज साह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया बैग, करीब 62.22 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में थाना बभनी पुलिस, एसओजी, थाना दुद्धी और थाना म्योरपुर की संयुक्त टीम कार्रवाई कर रही थी।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम बभनी थाना क्षेत्र के अरझट पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान शीशटोला की ओर से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। बारिश के कारण उनकी बाइक फिसल गई और दोनों झाड़ियों की ओर भागकर पुलिस पर फायरिंग करने लगे।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पंकज साह के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसका साथी संजय साकेत मौके से अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंकज साह पुत्र पुरुषोत्तम साह, निवासी धूरीताल, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। उस पर इस मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना से पहले सभी आरोपियों ने व्यापारी की रेकी की थी। लूट के बाद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया, जबकि नकदी आपस में बांट ली गई थी।

पंकज साह की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से लूट का बैग बरामद किया, जिसकी पहचान पीड़ित सर्राफा व्यापारी ने मौके पर ही कर ली। आरोपी के पास से बरामद 1,500 रुपये भी लूट की रकम में उसका हिस्सा बताए गए हैं।

यह वारदात 18 जुलाई को हुई थी। पीड़ित सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार, निवासी ग्राम चपकी, साप्ताहिक बाजार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।

Sonbhadra News: सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाला इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। विवेचना के दौरान दो अन्य आरोपियों की पहचान हुई थी, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

बरामदगी में पुलिस को एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, करीब 12.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 225 ग्राम सोने के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, तौल मशीन, खाता-बही, बिल पर्चियां और सर्राफा कारोबार में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण मिले हैं। बरामद सामान की कुल कीमत 62,22,500 रुपये बताई गई है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया गया है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इस कार्रवाई में थाना बभनी, थाना दुद्धी, थाना म्योरपुर और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अतिरिक्त धाराओं के साथ आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button