
Awarapan 2: इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ अपनी रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का नया अपडेट उन फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं है, जिन्होंने साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ और उसके भावुक गानों को दिल से पसंद किया था। करीब 19 साल बाद फिल्म का सबसे लोकप्रिय और कल्ट सैड सॉन्ग ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ एक नए अंदाज में वापसी करने जा रहा है।
फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में एक नया मोशन पोस्टर जारी किया, जिसमें इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आए। पोस्टर के साथ दी गई गाने की झलक ने यह संकेत दे दिया कि ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ को Awarapan 2 में दोबारा शामिल किया गया है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।
मूल फिल्म में इस गीत को मुस्तफा जाहिद ने अपनी आवाज दी थी और यह गाना उस दौर के सबसे लोकप्रिय इमोशनल ट्रैक्स में शामिल हो गया था। यूट्यूब पर इसे करोड़ों बार देखा और सुना जा चुका है। इस बार फिल्म में गाने को सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल एक बार फिर सईद कादरी ने लिखे हैं। संगीत की जिम्मेदारी मिथुन ने संभाली है, जो अपनी भावनात्मक धुनों के लिए जाने जाते हैं।
फिल्म का पहला गीत ‘ये आवारापन’ पहले ही रिलीज हो चुका है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। अब ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ की वापसी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि यह गाना एक बार फिर पुराने दौर की यादें ताजा कर देगा।
‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पटानी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अनिरुद्ध रावल और अतुल कुमार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण विशेष भट्ट ने किया है, निर्देशन नितिन कक्कड़ का है और कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



