
Lucknow News : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़कर एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
गुरुवार को गोमती नगर स्थित शास्त्रार्थ फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मनीष शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना है। उन्होंने भारतीय परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में एक वृक्ष को दस पुत्रों के समान माना गया है।
मनीष शुक्ला ने कहा कि इस अभियान को मां के सम्मान से जोड़ने के कारण समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ रही है और लोग इसे भावनात्मक रूप से अपना रहे हैं। कार्यक्रम में पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक राजीव रंजन ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाला जनआंदोलन बनता जा रहा है।
समाजसेवी जाह्नवी सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारे दायित्व को निभाने का संकल्प है। वहीं भाजपा युवा नेता आशीष जायसवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मातृ सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए यज्ञ एवं हवन के साथ हुई। इसके बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मिथलेश मिश्रा, शक्ति श्रीवास्तव, मोनी सिंह, शैलेन्द्र अवस्थी, विनोद अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



