
Vikram-1 Launch: भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। निजी स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस (Skyroot Aerospace) ने अपने विक्रम-1 रॉकेट का सफल प्रक्षेपण कर देश को एक नई उपलब्धि दिलाई। श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC-SHAR) से लॉन्च हुए इस मिशन की सफलता के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी के संस्थापकों और पूरी टीम को फोन कर बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापक पवन चंदना और नागा भरत डाका से बातचीत करते हुए इस उपलब्धि को भारत के युवाओं और देश के बढ़ते वैज्ञानिक सामर्थ्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पूरी टीम ने अपनी मेहनत और नवाचार से देश का नाम रोशन किया है।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
फोन पर बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि “पूरी स्काईरूट टीम को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी यह सफलता देश के लाखों युवाओं को बड़े सपने देखने और विज्ञान व तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। मैंने पूरा लॉन्च देखा और आपकी युवा टीम की ऊर्जा ने मुझे बेहद प्रभावित किया।”
उन्होंने विश्वास जताया कि स्काईरूट आने वाले समय में और भी बड़े लक्ष्य हासिल करेगा तथा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निजी स्पेस सेक्टर के लिए बड़ा कदम
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जब सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों के लिए खोलने का फैसला किया था, तब कई लोगों ने इस पर सवाल उठाए थे। लेकिन विक्रम-1 की सफलता ने साबित कर दिया है कि भारत का निजी क्षेत्र भी वैश्विक स्तर पर अंतरिक्ष तकनीक में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।
National News: नए वोटर्स को अब देनी होगी पैरेंट्स की SIR डिटेल, चुनाव आयोग ने बदली आवेदन प्रक्रिया
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं को अवसर देना है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।
भारत की उपलब्धि में जुड़ा नया अध्याय
विक्रम-1 की सफल लॉन्चिंग के साथ भारत ने निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। यह मिशन इस बात का संकेत है कि अब भारतीय निजी कंपनियां भी ऑर्बिटल रॉकेट विकसित कर उन्हें सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में भेजने की क्षमता रखती हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सफलता न केवल भारत के स्पेस स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देगी, बल्कि वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में भारतीय कंपनियों की प्रतिस्पर्धा भी बढ़ाएगी।
युवाओं के लिए प्रेरणा
स्काईरूट एयरोस्पेस की इस सफलता को देश के स्टार्टअप इकोसिस्टम और वैज्ञानिक समुदाय के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने संदेश में कहा कि भारत के युवा अब केवल सपने नहीं देख रहे, बल्कि उन्हें साकार भी कर रहे हैं। विक्रम-1 की सफल उड़ान इसी बदलते भारत की तस्वीर पेश करती है।



