
Entertainment News: कपूर परिवार में इन दिनों जश्न का माहौल है। बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर आज अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी से पहले हुए प्री-वेडिंग फंक्शंस की कई खूबसूरत झलकियां सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इसी बीच अभिनेता अर्जुन कपूर ने बहन अंशुला के नाम एक भावुक पोस्ट शेयर कर फैंस का दिल जीत लिया।
अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मेहंदी और चूड़ा सेरेमनी की कई अनदेखी तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में परिवार के साथ बिताए गए खुशियों भरे और भावुक पल साफ नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ एक नई शुरुआत है और परिवार के लिए यह पल बेहद खास है।
तस्वीरों में दिखी भाई-बहन की मजबूत बॉन्डिंग
अर्जुन कपूर द्वारा साझा की गई तस्वीरों में भाई-बहन का गहरा रिश्ता साफ दिखाई देता है। एक तस्वीर में अंशुला अपने भाई अर्जुन को गले लगाकर भावुक होती नजर आ रही हैं। वहीं अर्जुन भी उन्हें संभालते और हौसला देते दिखाई दे रहे हैं।
इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फैंस को भी भावुक कर दिया। कई यूजर्स ने भाई-बहन के इस रिश्ते की तारीफ करते हुए दोनों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेहंदी और चूड़ा सेरेमनी में छाया जश्न
प्री-वेडिंग फंक्शन में कपूर परिवार ने जमकर मस्ती की। अर्जुन कपूर के अलावा जान्हवी कपूर, खुशी कपूर, बोनी कपूर और परिवार के अन्य सदस्य पारंपरिक परिधानों में नजर आए। मेहंदी सेरेमनी के दौरान सभी ने डांस किया और शादी की खुशियां मनाईं।
चूड़ा सेरेमनी की तस्वीरों में पंजाबी रस्मों की झलक भी देखने को मिली। इसी दौरान अंशुला ने रस्म के अनुसार अपने कलीरे झटकाए, जिनका एक हिस्सा अर्जुन कपूर पर आ गिरा। परिवार ने इस पल को खूब एंजॉय किया और हंसी-खुशी के बीच यह रस्म पूरी हुई।
पिता बोनी कपूर ने बेटी पर लुटाया प्यार
शादी से पहले हुए समारोह में बोनी कपूर भी अपनी बड़ी बेटी पर प्यार बरसाते नजर आए। परिवार के साथ उनकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। अंशुला ने अपने भाई अर्जुन के अलावा बहनों जान्हवी और खुशी कपूर के साथ भी डांस कर इस खास मौके को यादगार बना दिया।
एक दिन में पूरी होंगी शादी की रस्में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी मुंबई के एक लग्जरी होटल में होगी। बोनी कपूर ने पहले ही बताया था कि शादी का पूरा कार्यक्रम एक ही दिन में संपन्न होगा। शादी की सभी पारंपरिक रस्मों के बाद मेहमानों के लिए एक भव्य कॉकटेल पार्टी का आयोजन भी किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस शादी में कपूर परिवार के करीबी सदस्यों के अलावा बॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, शादी के शुभ मुहूर्त और अन्य निजी कार्यक्रमों को लेकर परिवार ने आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।



