
UP Sonbhadra News: भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, ग्रामीणों और आम नागरिकों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिशिता महिला मंडल, रेनुसागर ने एक सराहनीय पहल करते हुए कम्पोजिट विद्यालय बैरपान एवं आदर्श परिवार कल्याण केंद्र को वाटर कूलर भेंट किया। यह पहल महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह के मार्गदर्शन में सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत की गई।
इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य गर्मी के मौसम में आने-जाने वाले राहगीरों, ग्रामीणों एवं जरूरतमंद लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें भीषण गर्मी से राहत मिल सके। महिला मंडल की इस पहल की स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कम्पोजिट विद्यालय बैरपान की प्रधानाचार्या मीना सिंह तथा शिक्षिकाओं सपना यादव, दिव्या यादव और सपना पांडेय ने मुख्य अतिथि एवं दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह का बुके भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद इंदु सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर इंदु सिंह ने कहा कि “सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता ही एक सशक्त एवं समृद्ध समाज की पहचान है। हमारा महिला मंडल समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए यह वाटर कूलर भेंट किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।”
ग्रामीणों ने दिशिता महिला मंडल एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल न केवल लोगों की प्यास बुझाएगी, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का भी संदेश देगी। उन्होंने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य संस्थाओं से भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या मेनका अरोड़ा, सविता चौबे, नूतन सिंह, बिनीता सिंह, किरण श्रीवास्तव, वंदना सिंह, श्वेता श्रीवास्तव एवं वंदना श्रीवास्तव का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल की सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
(रिपोर्ट: संजय द्विवेदी, सोनभद्र)


