
Pratapgarh Muharram News: मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ प्रशासन ने एहतियाती कार्रवाई करते हुए कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया है। सभी के घरों पर नोटिस चस्पा कर पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित लोग शुक्रवार रात 9 बजे तक अपने घरों से बाहर नहीं निकलेंगे। आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वर्षों पुराना है भंडारे का विवाद
कुंडा के शेखपुर में मोहर्रम के दिन वर्षों से भंडारे का आयोजन होता रहा है। इस आयोजन को लेकर दूसरे समुदाय की ओर से आपत्ति जताई जाती रही है। कई बार इस विवाद के कारण ताज़िया भी नहीं उठाया गया। इसके बाद प्रशासन ने भंडारे पर रोक लगा दी। इसके बावजूद संवेदनशीलता को देखते हुए हर वर्ष मोहर्रम से पहले एहतियाती कदम उठाए जाते हैं।
300 से अधिक लोगों को किया गया पाबंद
प्रशासन ने इस बार भी 300 से अधिक लोगों को शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया है। गुरुवार को राजा उदय प्रताप सिंह सहित 13 लोगों को हाउस अरेस्ट किया गया। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पिछले कई वर्षों से अपनाई जा रही सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है।
ये लोग किए गए हाउस अरेस्ट
हाउस अरेस्ट किए गए लोगों में राजा उदय प्रताप सिंह, निर्भय सिंह (बेंती), जुगनू विश्वकर्मा (गोपालगंज, हथिगवां), हनुमान पांडेय (कुंडा), जितेंद्र यादव, आनंद पाल, रमाकांत मिश्रा, भवानी विश्वकर्मा, रवि सिंह, केशरी नंदन पांडेय, जमुना प्रसाद मौर्य, गया प्रसाद प्रजापति और मोहन (गोपालगंज, हथिगवां) शामिल हैं।
पुलिस ने दी चेतावनी
कुंडा कोतवाली पुलिस ने सभी संबंधित लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार के आदेश उल्लंघन पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि संवेदनशील मौकों पर एहतियाती कदम उठाना कानून-व्यवस्था बनाए रखने की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



