
योग दिवस की पूर्व संध्या से ही हर विभागों, स्कूलों, विश्वविद्यालयों उनसे संबद्धित महाविद्यालयों समेत कई अन्य संस्थानों में 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की झलकियां दिखाई देने लगी थी। इनकी तैयारियों का प्रत्यक्ष परिणाम योग दिवस यानि की रविवार को देखने को मिला। छुट्टी वाले दिन भी लगभग सभी संस्थानों में लोगों ने भारी संख्या में अलग अलग थीम के माध्यम से करो योग रहो निरोग का संदेश देते हुए योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को संगम नोज पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिकों समेत 9 हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का पवित्र माध्यम है। उन्होंने सभी को नियमित योग अपनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का भी आह्वान किया। संगम तट पर बनाई गई आकर्षक सैंड आर्ट और विशेष सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। योगाचार्य धर्मेंद्र मिश्रा ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

योग फॉर हेल्दी एजिंग
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस योग फॉर हेल्दी एजिंग थीम के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कोलकाता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के सजीव प्रसारण से हुई। इसके बाद रेलगांव परिसर स्थित बैडमिंटन हॉल में योग कार्यशाला आयोजित की गई। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के नेतृत्व तथा उत्तर मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा हिमा चौहान सिंह की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। नगर निगम, अयाुष मंत्रालय समेत सभी सरकारी संस्थानों में इसी थीम पर योग दिवस मनाया गया। नगर निगम में भी महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी की अध्यक्षता एवं नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा के नेतृत्व में आयोजन किया गया।

लंबी का आयु का राज है योग
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र योग दिवस के अवसर पर केंद्र परिसर में योग सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन के लिए योग रही, जिसके अनुरूप प्रतिभागियों को योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक कल्पना सहाय एवं मधु श्रीवास्तव के निर्देशन में केंद्र के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहर के अनेक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर केंद्र के निदेशक सुदेश शर्मा ने योग प्रशिक्षकों को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

योग जीवन जीने की समग्र पद्धति, इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाएं: प्रो. सत्यकाम
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय और रैपिड एक्शन फोर्स (101 द्रुत कार्य बल) के संयुक्त तत्वावधान में आरएएफ परिसर में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग संकल्प के साथ हुई। विश्वविद्यालय के योग प्रशिक्षक अमित सिंह और अनुराग शुक्ला ने योग प्रोटोकॉल के अनुसार आसन, प्राणायाम, कपालभाति, भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास कराया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. सत्यकाम ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की समग्र पद्धति है, जो शरीर, मन और बुद्धि को संतुलित रखती है।
राजर्षी टंडन महिला महाविद्यालय में मनाया गया योग दिवस
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजर्षि टंडन महिला महाविद्यालय, प्रयागराज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-055 द्वारा रविवार को ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग विषय पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे के निर्देशन में हुआ। योग प्रशिक्षक डॉ. प्रशांत तिवारी ने स्वयंसेविकाओं एवं प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, इसे संजो रखना जरूरी है। कार्यक्रम में प्रो. नीलिमा सिंह, प्रो. नमिता यादव, डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. अमितेंद्र प्रताप सिंह सहित महाविद्यालय परिवार एवं एनएसएस की स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।
खुसरो बाग में गूंजा योग संदेश
अग्रवाल युवा मंडल के भव्य योगाभ्यास में युवाओं, महिलाओं एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प।कार्यक्रम का संचालन प्रख्यात योगाचार्य आचार्य राजश्री मिश्रा एवं लक्ष्मी मिश्रा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर में मनाया गया योग दिवस
योग के ज़रिए सेहत, वेलनेस और समग्र जीवनशैली को बढ़ावा देने के राष्ट्रीय विज़न के अनुरूप, एनसीसी ग्रुप हेडक्वार्टर, प्रयागराज की इन प्रमुख जगहों पर एक साथ योग सत्र आयोजित किए गए अरैल घाट पर 350 कैडेट, चंद्रशेखर आज़ाद पार्क पर 125 कैडेट्स ने एक साथ योग किया।
एएमए के पदाधिकारियों ने किया योग
21 जून 2026 को ए0एम0ए0सी0सी0 में प्रात: 6:30 बजे से 8:30 बजे तक अयोजित किया गया। जिसमें इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं उनके सदस्यों के परिवारों द्वारा पूरे मनोयोग व उत्साह के साथ योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पूर्व अध्यक्ष डॉ0 जे00वी राय, सचिव डॉ0 आशुतोष गुप्ता, भूतपूर्व अध्यक्ष डॉ0 सुजीत सिंह, खेल सचिव डॉ0 अतुल दूबे समेत कई अन्य डॉक्टर्स उपस्थित रहें।
रिपोर्ट:आकाश त्रिपाठी



