
UP Political News: समाजवादी पार्टी के उपमुख्य सचेतक विधानसभा एवं रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. आर.के. वर्मा ने रविवार को विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के मान्धाता विकास खंड अंतर्गत ग्राम जमुआ (बाबूपुर) पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
डॉ. आर.के. वर्मा सबसे पहले वीर बहादुर सिंह ‘वीरू’ के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पिता विजय प्रताप सिंह की तेरहवीं कार्यक्रम में भाग लिया। विजय प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक पद पर कार्यरत रहे थे। विधायक ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्व हमेशा याद किए जाते हैं जिन्होंने अपने जीवनकाल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समाज सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया हो। उन्होंने कहा कि परिवार के मुखिया का निधन केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की क्षति होती है।
इसके बाद विधायक डॉ. आर.के. वर्मा ने क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. इंद्रजीत पटेल के आवास पहुंचकर उनके चाचा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और दुख की इस घड़ी में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ने कहा कि जीवन और मृत्यु प्रकृति का अटल सत्य है, लेकिन अपनों का बिछड़ना हमेशा पीड़ादायक होता है। ऐसे समय में समाज और परिवार के लोगों का साथ दुखी परिवार को संबल प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक एकता और पारस्परिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी तथा ग्रामीण भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
डॉ. आर.के. वर्मा के इस दौरे को स्थानीय लोगों ने संवेदनशील जनप्रतिनिधि की भूमिका बताते हुए सराहा। ग्रामीणों ने कहा कि सुख-दुख में जनता के बीच पहुंचना एक जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पहचान होती है।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



