
Lalganj Pratapgarh News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने की उपलब्धि को लेकर शुक्रवार की रात रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड के भटनी गांव में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने रात्रि चौपाल लगाई। चौपाल के दौरान धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी की जन्मस्थली को हरित जोन घोषित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
स्वामी करपात्री जी सेवा संस्थान के कोषाध्यक्ष अनुराग तिवारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में सरकार से मांग की गई कि स्वामी करपात्री जी की जन्मस्थली के 10 किलोमीटर की परिधि में हरे पेड़ों की कटान पर प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही स्वामी जी की पैतृक स्थली पर वृहद पौधरोपण अभियान चलाने तथा क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई।
जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वामी करपात्री जी की स्मृतियों को संरक्षित करने और उनकी जन्मस्थली के विकास के लिए जिला प्रशासन शीघ्र ही शासन को एक कार्ययोजना भेजेगा।
रात्रि चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने देर रात तक गांव का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं, बेसिक शिक्षा व्यवस्था तथा आंगनबाड़ी योजनाओं के संचालन की भी मौके पर जांच की और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ हत्या मामला! Maheshganj पुलिस ने आरोपी दीपक पाण्डेय को किया गिरफ्तार
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन भी किया। रात करीब पौने दो बजे तक उनका गांव में भ्रमण और निरीक्षण जारी रहा, जिससे प्रशासनिक अमले में सक्रियता देखने को मिली।
ग्राम प्रधान/प्रशासक गंगाराम निर्मल, पूर्व प्रधान अशोक सिंह, राकेश चतुर्वेदी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का स्वागत एवं सम्मान किया। वहीं स्वामी करपात्री जी सेवा संस्थान के सुरेन्द्र तिवारी, देवेन्द्र नारायण मिश्र, अरुण मिश्र, सुधाकर नाथ ओझा एवं संदीप तिवारी ने जिलाधिकारी को स्वामी करपात्री जी का चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता विद्युत रूपेश कुमार, एसडीएम लालगंज शैलेन्द्र वर्मा, तहसीलदार गरिमा वर्मा, एसडीओ विद्युत आशुतोष कुमार, बीडीओ विजयशंकर मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो-01: भटनी में डीएम को ज्ञापन सौंपते स्वामी करपात्री जी सेवा संस्थान के पदाधिकारी।
फोटो-02: भटनी की रात्रि चौपाल में डीएम को स्वामी करपात्री जी का चित्र भेंट करते ग्रामीण।
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



