
Cabinet Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 4,703 करोड़ रुपये की तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इनमें अहमदाबाद मेट्रो विस्तार परियोजना और आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में केंद्रीय सरकारी कार्यालयों एवं आवासीय परिसरों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि कैबिनेट ने अहमदाबाद मेट्रो फेज-2ए परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। करीब 2,169 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत कोटेश्वर रोड से सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक छह किलोमीटर लंबी नई मेट्रो लाइन का निर्माण किया जाएगा। इस मार्ग पर चार एलिवेटेड और एक भूमिगत स्टेशन बनाए जाएंगे। परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके पूरा होने पर अहमदाबाद मेट्रो नेटवर्क की कुल लंबाई बढ़कर 78 किलोमीटर हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अमरावती में सेंट्रल गवर्नमेंट जनरल पूल ऑफिस कॉम्प्लेक्स के निर्माण को भी मंजूरी दी है। 1,299 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना 5.53 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी। यहां विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
इसके अलावा केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसर के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। 1,235 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत 17 एकड़ क्षेत्र में 1,504 आवासीय क्वार्टर बनाए जाएंगे। परियोजना का कुल निर्मित क्षेत्रफल 31.3 लाख वर्ग फुट होगा।
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से शहरी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी और अमरावती को एक आधुनिक प्रशासनिक एवं आवासीय केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही इन परियोजनाओं से रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।



