NDA Government 12 Years : NDA सरकार के 12 साल पूरे: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस की नीतियों के कुचक्र से देश को मिली मुक्ति

NDA Government 12 Years : NDA सरकार के 12 साल पूरे होने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश उसकी विफल नीतियों के कुचक्र से मुक्त हुआ है। भारत के विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा निर्यात और आत्मनिर्भरता पर भी रखे विचार।**

NDA Government 12 Years : केंद्र में एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश ने पिछले एक दशक में उसकी विफल नीतियों और राजनीतिक सोच के कुचक्र से मुक्ति पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए देश की हिंदू आबादी पर दोष मढ़ते हुए उसे ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दिया, जबकि वास्तविकता में यह ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ था।

भारत मंडपम में आयोजित एनडीए की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ की नीति पर काम किया है। सत्ता नहीं, बल्कि सेवा हमारा लक्ष्य रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प अब केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का साझा सपना बन चुका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने बताया कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 160 से अधिक हो गई है। वहीं एक्सप्रेस-वे नेटवर्क 1,000 किलोमीटर से बढ़कर 6,700 किलोमीटर तक पहुंच गया है और मेट्रो सेवाएं पांच शहरों से बढ़कर 20 शहरों तक फैल चुकी हैं।

मोदी ने कहा कि रक्षा निर्यात 700 करोड़ रुपये से बढ़कर 23 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर, एथेनॉल उत्पादन और डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में भी भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत में निर्मित नागरिक विमान दुनिया भर में उड़ान भरेंगे।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और नया मध्यम वर्ग तेजी से उभर रहा है। उन्होंने आयुष्मान भारत, जीएसटी, स्वास्थ्य बीमा योजनाओं और 12 लाख रुपये तक की आय को करमुक्त किए जाने जैसे कदमों को मध्यम वर्ग के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता भारत की आर्थिक मजबूती और राष्ट्रीय सुरक्षा दोनों के लिए जरूरी है।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए अभिनंदन प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्रस्ताव आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रखा, जबकि नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने इसका समर्थन किया। बैठक में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री को बधाई दी।

बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया। इससे पहले केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में भी उनके 12 वर्षों के कार्यकाल पर बधाई प्रस्ताव पारित किया गया।

Show More

Related Articles

Back to top button