Pratapgarh News: भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था फेल, सरकार की नाकामी : प्रमोद तिवारी

सीएम और ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर दिया समाधान का सुझाव

Pratapgarh News:राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं सांसद प्रमोद तिवारी ने प्रदेश में गहराते बिजली संकट को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का लचर प्रबंधन सरकार की बड़ी नाकामी साबित हो रहा है।

शुक्रवार को रामपुर खास क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सांसद प्रमोद तिवारी ने ननौती, रेहुआ लालगंज, मंगापुर, सांगीपुर एवं लालगंज में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की अदूरदर्शिता के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में बिजली संकट गहराता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 25 मई को स्वयं तथा विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को अलग-अलग पत्र लिखकर प्रदेश में बिजली संकट के समाधान हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं।

सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रदेश के 132 केवीए क्षमता वाले विद्युत उपकेंद्रों की कुल आपूर्ति क्षमता लगभग 6 करोड़ 25 लाख 76 हजार किलोवाट है, जबकि उपभोक्ताओं का पंजीकृत लोड 8 करोड़ 57 लाख किलोवाट से अधिक है। ऐसे में यदि उपभोक्ता अपने पंजीकृत लोड का पूरा उपयोग करें तो वर्तमान व्यवस्था मांग के अनुरूप बिजली देने में सक्षम नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लागू किए गए “वर्टिकल सिस्टम” के कारण संविदा कर्मचारियों की संख्या में भारी कमी आई है, जिससे बिजली फाल्ट ठीक होने में काफी समय लग रहा है। लगभग 20 हजार संविदाकर्मियों की कमी का असर सीधे बिजली व्यवस्था पर पड़ रहा है।

प्रमोद तिवारी ने कहा कि सरकार का यह दावा पूरी तरह निराधार है कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिजली उपकेंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती ही व्यवस्था की सच्चाई बयान कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के कारण लोग जनरेटर तक नहीं चला पा रहे हैं, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।

सांसद ने सुझाव दिया कि सरकार पूर्वोत्तर राज्यों में कम मांग की स्थिति को देखते हुए वहां से अतिरिक्त बिजली खरीदकर प्रदेश में आपूर्ति बढ़ाए। साथ ही वर्टिकल व्यवस्था समाप्त कर संविदाकर्मियों की बहाली और रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की जाए।

दौरे के दौरान सांसद प्रमोद तिवारी ने बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचकर अधिमास मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। श्रद्धालुओं ने बाबा धाम में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए सांसद प्रमोद तिवारी एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर भगवती प्रसाद तिवारी, अशोक सिंह बबलू, संतोष द्विवेदी, अमित सिंह पंकज, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, डॉ. अमिताभ शुक्ल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Read Also-Under-12 Cricket Tournament-आरएसडी ब्लू ने आरएसडी रेड लाइन को 54 रन से हराया

रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button