
International News: नई दिल्ली में आयोजित 11वीं वार्षिक ब्रिक्स आतंकवाद-रोधी कार्य समूह (CTWG) की बैठक में भारत ने सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा मजबूती से उठाया। Sibi George ने अपने संबोधन में कहा कि आतंकवाद से मुक्त दुनिया बनाने के लिए सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाना बेहद जरूरी है।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने आतंकवादियों को पनाह देने और उन्हें समर्थन देने वाले देशों व संगठनों को जवाबदेह ठहराने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा पार आतंकवाद वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है।
नई तकनीकों के दुरुपयोग पर चिंता
बैठक के दौरान भारत ने आतंकी संगठनों द्वारा नई और उभरती तकनीकों के दुरुपयोग पर भी चिंता जताई। सिबी जॉर्ज ने कहा कि कट्टरपंथ फैलाने, आतंक के वित्तपोषण और डिजिटल माध्यमों के जरिए आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिशें लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों को मजबूत और समन्वित रणनीति अपनानी होगी।
International News: UNSC में भारत का पाकिस्तान पर बड़ा हमला, कहा- आतंकवाद पर जरूरी है ‘जीरो टॉलरेंस’
वैश्विक आतंकवाद-रोधी ढांचे को मजबूत करने की अपील
भारत ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग के जरिए मौजूदा वैश्विक आतंकवाद-रोधी ढांचे को और प्रभावी बनाने की मांग की। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करना जरूरी है।
Randhir Jaiswal ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि भारत ने सीमा पार आतंकवाद समेत हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ समन्वित वैश्विक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
BRICS को और मजबूत बनाने पर जोर
भारत ने ब्रिक्स आतंकवाद-रोधी कार्य समूह को अधिक प्रभावी, भविष्य के लिए तैयार और परिणाम-उन्मुख बनाने की जरूरत भी बताई। भारत ने दोहराया कि वह सुरक्षित और आतंकवाद-मुक्त दुनिया के लिए BRICS सदस्य देशों के साथ सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।



