
Cricket News: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ता उन्हें टेस्ट टीम की उपकप्तानी से हटा सकते हैं। माना जा रहा है कि टीम प्रबंधन उनकी बल्लेबाजी पर अतिरिक्त जिम्मेदारी का असर देख रहा है।
रोहित शर्मा के बाद मिली थी जिम्मेदारी
रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया था। वहीं ऋषभ पंत को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया था।
हालांकि अब चयनकर्ताओं को लग रहा है कि कप्तानी का दबाव पंत के स्वाभाविक खेल को प्रभावित कर रहा है। टीम प्रबंधन चाहता है कि वह बिना किसी अतिरिक्त दबाव के मैदान पर उतरें।
बल्लेबाजी पर पड़ा असर
सूत्रों के अनुसार चयन समिति का मानना है कि पंत जैसे मैच विनर खिलाड़ी को खोने का जोखिम नहीं लिया जा सकता। जब भी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली, उनके प्रदर्शन और फैसलों पर असर देखने को मिला।
2025 में ऋषभ पंत ने 7 टेस्ट मैचों में 629 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो शतक और चार अर्धशतक लगाए। हालांकि इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी पारियों को छोड़ दें तो बाकी मुकाबलों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।
दक्षिण अफ्रीका सीरीज में उनके स्कोर 27, 2, 7 और 13 रहे थे।
Cricket News; Also read- Russia Ukraine War: यूक्रेन का मॉस्को पर बड़ा ड्रोन हमला, भारतीय नागरिक समेत कई लोगों की मौत
कप्तानी में नहीं मिला खास परिणाम
ऋषभ पंत ने नवंबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में पहली बार भारत की कप्तानी की थी। हालांकि उस मैच में भारतीय टीम को 408 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद उनकी कप्तानी और निर्णय लेने की क्षमता को लेकर सवाल उठने लगे।
केएल राहुल बन सकते हैं विकल्प
अगर पंत से उपकप्तानी वापस ली जाती है तो केएल राहुल इस भूमिका के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। राहुल पहले भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं और टेस्ट टीम में उनकी जगह लगभग तय मानी जा रही है।
19 मई की बैठक में हो सकता है फैसला
अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति 19 मई को गुवाहाटी में बैठक करेगी। इस बैठक में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम चयन के साथ-साथ ऋषभ पंत की उपकप्तानी पर भी चर्चा हो सकती है।
अब सभी की नजर चयनकर्ताओं के फैसले पर टिकी हुई है।



