
युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, प्रयागराज की ओर से बुधवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला आशा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बीरापुर, धनजैया, हण्डिया, प्रयागराज परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू हुआ।
मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न निजी कंपनियों में नौकरी पाने के लिए साक्षात्कार दिए। रोजगार मेले में कुल 518 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 218 युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन किया गया। रोजगार मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने मेले में भाग लेकर अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लिया। चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर विभिन्न पदों पर नियुक्ति के लिए चुना गया। मेले में तकनीकी, सेल्स, मार्केटिंग, मशीन ऑपरेटर और अन्य क्षेत्रों से संबंधित पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख धनूपुर ज्योति यादव ने कहा कि सरकार और सेवायोजन विभाग युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ऐसे रोजगार मेले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हो रहे हैं, जहां उन्हें एक ही स्थान पर कई कंपनियों से जुड़ने का मौका मिलता है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं को भी अपने कौशल को बढ़ाने की सलाह दी।
इस अवसर पर आशा निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रबंधक अमित द्विवेदी ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी मिल सके। कार्यक्रम में सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी प्रशांत, सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी मारूफ अहमद सहित संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। मेले के सफल आयोजन में सेवायोजन विभाग और संस्थान के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रोजगार मेले के दौरान अभ्यर्थियों के लिए पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की समुचित व्यवस्था की गई थी। युवाओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बेरोजगार युवाओं के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रयागराज ने बताया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग आगे भी इसी प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर मिल सकें।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



