
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान सदस्य देशों के शीर्ष राजनयिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची सहित दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के विदेश मंत्रियों से अलग-अलग बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों के साथ आधिकारिक ब्रिक्स फैमिली फोटो में हिस्सा लिया। इस अवसर पर सदस्य देशों के साथ सहयोगी राष्ट्रों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। यह बैठक भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता और बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत मंडपम में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव का स्वागत किया। उन्होंने इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया, ईरान और यूएई के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान आर्थिक सहयोग, व्यापार विस्तार, बहुपक्षीय सुधार और वैश्विक विकास चुनौतियों जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
नई दिल्ली 14 और 15 मई को इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय बैठक की मेजबानी कर रही है। भारत ने इस वर्ष 1 जनवरी को ब्राजील से ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है। यह चौथी बार है जब भारत इस समूह का नेतृत्व कर रहा है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता कर चुका है।



