
UP Police Constable Viral Video: Lucknow पुलिस विभाग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल Sunil Kumar Shukla इस समय लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात हैं। वायरल वीडियो में उन्होंने दावा किया कि पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर बड़े स्तर पर अवैध वसूली की जा रही है।
वीडियो में क्या बोले कांस्टेबल?
सुनील कुमार शुक्ला ने वीडियो में आरोप लगाया कि रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कुछ अधिकारी और गणना प्रभारी सिपाहियों से ड्यूटी लगवाने के बदले हर महीने पैसे लेते हैं। उन्होंने कहा कि गार्ड ड्यूटी लगाने के लिए पुलिसकर्मियों से करीब 2000 रुपये प्रति माह वसूले जाते हैं।
कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि यह पैसा पहले गार्ड कमांडर के माध्यम से जमा कराया जाता है, फिर गणना प्रभारी तक पहुंचता है और उसके बाद कथित तौर पर उच्च अधिकारियों तक हिस्सा पहुंचाया जाता है।
उन्होंने वीडियो में आईपीएस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “काले अंग्रेज” पुलिस विभाग चला रहे हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि एक यूनिट में 110 से 120 गार्ड होते हैं, जहां सैकड़ों पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगती है और इसी के जरिए लाखों रुपये की उगाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
वीडियो में कांस्टेबल ने Yogi Adityanath से न्याय की अपील भी की। उन्होंने कहा कि उन्हें विभागीय अधिकारियों से न्याय की उम्मीद नहीं है, इसलिए पूरे पुलिस परिवार की ओर से मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है। लोग पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जांच के बाद साफ होगी सच्चाई
फिलहाल वीडियो की सत्यता और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन मामला सामने आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या पुलिस विभाग के अंदर वाकई ड्यूटी और पोस्टिंग को लेकर अवैध वसूली का खेल चल रहा है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।



