JHANSI News-फर्जी फर्म के सहारे 4.5 करोड़ का खेल,आरोपित गिरफ्तार

JHANSI News-उत्तर प्रदेश के जनपद झांसी में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी फर्म बनाकर करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित नीरज रंजन गुप्ता (33) पुत्र राधेश्याम गुप्ता, निवासी समयपुर बादली, दिल्ली है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 395/2025 धारा 318(2) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मामले में अन्य धाराओं की भी बढ़ोत्तरी की गई है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर जीएसटी पोर्टल पर एक फर्जी और अस्तित्वहीन फर्म तैयार की थी। इस फर्म के माध्यम से बिना किसी वास्तविक व्यापार के लगभग 24 करोड़ रुपये का काल्पनिक लेन-देन दर्शाया गया। इसके जरिए आरोपित ने करीब 4.5 करोड़ रुपये का अवैध लाभ अर्जित किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों ने फर्जी इनवॉइस, बिल और ई-वे बिल तैयार कर आईटीसी का गलत तरीके से फायदा उठाया। इतना ही नहीं, लेन-देन को वास्तविक दिखाने के लिए परिवहन से जुड़े फर्जी दस्तावेज भी बनाए गए। आरोपित के मोबाइल और लैपटॉप से मिली जानकारी तथा व्हाट्सएप चैट के आधार पर पूरे गिरोह की साजिश का खुलासा हुआ।

विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के मामलों में फर्जी कंपनियां बनाकर केवल कागजों में लेन-देन दिखाया जाता है और सरकार से टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ लिया जाता है, जिससे राजस्व को भारी नुकसान होता है। देश के कई हिस्सों में ऐसे आईटीसी घोटाले सामने आ चुके हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की हेराफेरी पाई गई है।

थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read Also-Breaking News-मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जगद्गुरू स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज से की भेंट

Show More

Related Articles

Back to top button