Prayagraj News-दो दिवसीय राज्य एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गूंजा ‘तुम कर सकते हो’ का उत्साह

Prayagraj News-मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज़ बुधवार को जबरदस्त उत्साह और ऊर्जा के साथ हुआ। प्रदेश के सभी 75 जिलों से आए 575 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे है। इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपने हुनर, साहस और खेल के प्रति समर्पण का शानदार प्रदर्शन कर रहे है। स्टेडियम का माहौल खिलाड़ियों की ऊर्जा और दर्शकों के उत्साह से पूरी तरह सराबोर नजर आया।प्रतियोगिता के पहले दिन सुबह से ही ट्रैक और फील्ड इवेंट्स की शुरुआत हो गई। 100 मीटर, 200 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक, भाला फेंक सहित विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। हर खिलाड़ी अपने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए जीत की ओर बढ़ने के लिए पूरी ताकत झोंकता दिखा। मैदान में दौड़ते खिलाड़ियों की रफ्तार और उनके चेहरे पर दिखता आत्मविश्वास दर्शकों को रोमांचित कर रहा था। खिलाड़ियों के साहस और खेल भावना ने सभी का दिल जीत लिया। कई प्रतियोगियों ने कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया। कुछ खिलाड़ी गिरकर भी उठे और दौड़ पूरी की, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावुक कर दिया। यह प्रतियोगिता केवल जीत-हार तक सीमित नहीं रही, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का जीवंत उदाहरण बन गई। दूसरी ओर, दर्शक दीर्घा में बैठे खिलाड़ियों के परिजन और कोच लगातार उनका उत्साहवर्धन करते नजर आए। ‘हिप-हिप हुर्रेÓ और ‘तुम कर सकते होÓ जैसे नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। हर सफल प्रयास पर तालियों की गड़गड़ाहट और हर चुनौतीपूर्ण क्षण में समर्थन की आवाजें खिलाड़ियों के मनोबल को नई ऊंचाई दे रही थीं। यह नजारा खेल और समाज के बीच गहरे संबंध को भी दर्शा रहा था। प्रतियोगिता के आयोजन में प्रशासन और खेल विभाग की व्यवस्थाएं भी सराहनीय रहीं। खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और समयबद्ध कार्यक्रम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। कोच सत्येंद्र सिंह, उपक्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद और क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। वहीं, खिलाड़ियों ने भी आयोजन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपने हुनर को दिखाने का बेहतरीन अवसर मिला है। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन दूसरे दिन फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण के साथ होगा। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित किया जाएगा। कुल मिलाकर, मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में चल रही यह प्रतियोगिता खेल, उत्साह और प्रेरणा का अद्भुत संगम बन गई है, जहां हर खिलाड़ी अपने सपनों को उड़ान देने की कोशिश में जुटा है।

Read Also-Lucknow News : इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड ने CSR के तहत Kalyan Singh Cancer Institute को दीं 20 व्हीलचेयर

Show More

Related Articles

Back to top button