
Lucknow News-प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार शाम धूल भरी आंधी और हल्की बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। गोमती नगर में एक पेड़ उखड़कर खड़ी कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, दोपहर में कई हिस्सों में ओले गिरे, जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
रायबरेली रोड स्थित गोपालखेड़ा पुल के पास भी पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया। इस दौरान करीब 20 मिनट तक एक लेन पर ट्रैफिक प्रभावित रहा।
आंधी के चलते गोमती नगर के विकल्प खंड, विजयंत खंड, विभव खंड और विक्रांत खंड में करीब आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बाद में फॉल्ट ठीक कर सप्लाई बहाल कर दी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 8 से 9 अप्रैल के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है।
Read Also-PRAYAGRAJ News- गेहूं की मड़ाई में थ्रेसर में फंस गया युवक, माैत



