
Bollywood Controversy: हाल ही में हुए Screen Awards 2026 की एक क्लिप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। इस क्लिप में अभिनेता Rajpal Yadav के चेक बाउंस केस को लेकर इवेंट के एक होस्ट द्वारा मंच से तंज कसते हुए देखा गया। होस्ट की इस टिप्पणी को सुनने के बाद राजपाल यादव कुछ पल के लिए झेंपते हुए नजर आए और फिर हल्की मुस्कान के साथ बात को टालने की कोशिश की।
वायरल वीडियो में राजपाल यादव कहते नजर आते हैं, “रुपया डॉलर सब ऊपर-नीचे हो रहा है, कुछ समझ नहीं आ रहा है, बस शांति-शांति कर रहा हूं।” इस पर होस्ट ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, “राजपाल भाई, डॉलर कितना भी ऊपर-नीचे हो जाए, आपको उतने ही पैसे लौटाने पड़ेंगे, जितने उधार हैं।” इस टिप्पणी के बाद वहां मौजूद कई सेलेब्रिटीज भी हैरान नजर आए।
इस घटना के बाद बॉलीवुड सुपरस्टार Salman Khan ने अभिनेता राजपाल यादव के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सलमान खान ने लिखा कि राजपाल यादव पिछले 30 सालों से इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं और उन्होंने अपने अभिनय से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने यह भी कहा कि एक कलाकार की मेहनत और काबिलियत सबसे अहम होती है और उन्हें भविष्य में भी काम मिलता रहेगा।
Also Read: IPL 2026: CSK की लगातार हार की वजह क्या है? इरफान पठान ने बताई बड़ी कमी
राजपाल यादव की इस तरह सार्वजनिक मंच पर हुई टिप्पणी को लेकर फैंस में नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग इस तरह के मजाक को अनुचित बता रहे हैं और कलाकार के सम्मान की बात कर रहे हैं। अब यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और फैंस सलमान खान के समर्थन को सराह रहे हैं।
Written By: Kalpana Pandey



