Lucknow News : ‘लखनऊ में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम’, रेलवे स्टेशन को उड़ाने की थी तैयारी

Lucknow News : लखनऊ में बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा, यूपी एटीएस ने संदिग्ध साकिब को गिरफ्तार किया। जांच में रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने और पाकिस्तानी हैंडलर्स के आदेश का खुलासा।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी साकिब और उसके साथियों के मोबाइल व अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में मिले ऑडियो मैसेज से पता चला है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने लखनऊ के भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासतौर पर रेलवे स्टेशन को निशाना बनाने का निर्देश दिया था।

एटीएस के अनुसार, आरोपियों को शाम के समय ब्लास्ट करने का टास्क दिया गया था, जब रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सबसे ज्यादा भीड़ होती है। हैंडलर्स की योजना थी कि धमाके के बाद की अफरा-तफरी और नुकसान का वीडियो बनाकर उन्हें भेजा जाए, जिससे इसका बड़ा प्रभाव दिखाया जा सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि साकिब लगातार अपनी गतिविधियों की जानकारी दुबई में बैठे आकिब और अन्य पाकिस्तानी आकाओं को दे रहा था। इसके अलावा, आतंकी मॉड्यूल ने लखनऊ के रेलवे स्टेशन की पहले से रेकी भी की थी। सिर्फ लखनऊ ही नहीं, बल्कि देश के कई धार्मिक शहर भी इनके निशाने पर थे।

फंडिंग मामले में बड़ा खुलासा

फंडिंग के मामले में भी बड़ा खुलासा हुआ है। एटीएस को जानकारी मिली है कि साकिब और उसके सहयोगियों के बैंक खातों में विदेश से संदिग्ध रकम ट्रांसफर की गई थी। अब एजेंसी ने संबंधित बैंकों से लेनदेन का पूरा ब्योरा मांगा है और जिन खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, जब्त किए गए मोबाइल और अन्य डिजिटल डिवाइस को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि और ठोस सबूत जुटाए जा सकें और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button