
Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है, जिसमें महिलाओं, युवाओं और विकास को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं। निर्मला सीतारमण ने गुवाहाटी में इस घोषणापत्र को जारी किया, जहां हिमंता बिस्वा सरमा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में सबसे बड़ा फोकस महिलाओं और रोजगार पर रखा है। पार्टी ने ‘अरुणोदय’ योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये देने का वादा किया है। इसके अलावा युवाओं के लिए 2 लाख सरकारी नौकरियां देने की बात कही गई है, जिससे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य है।
घोषणापत्र में असम के विकास के लिए बड़े निवेश की भी घोषणा की गई है। पार्टी ने राज्य को ‘पूर्वी भारत का प्रवेश द्वार’ बनाने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया है। इसके साथ ही बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया है।
बीजेपी ने असमिया पहचान और मूल निवासियों की जमीन की सुरक्षा को भी प्रमुख मुद्दा बनाया है। पार्टी ने अतिक्रमण हटाने, समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और ‘लव जिहाद’ के खिलाफ कड़े कदम उठाने की बात कही है। हालांकि, छठी अनुसूची और अनुसूचित जनजाति क्षेत्रों को इसमें छूट देने का आश्वासन दिया गया है।
Also Read: UP (Unnao): उन्नाव में 16 एंबुलेंस के साथ निकली अंतिम यात्रा, भाई ने निभाई आखिरी इच्छा
इसके अलावा, पार्टी ने बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए शुरुआती दो वर्षों में 18,000 करोड़ रुपये खर्च करने का वादा किया है। साथ ही ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ और ‘एक यूनिवर्सिटी-एक इंजीनियरिंग कॉलेज’ जैसे योजनाओं के जरिए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की योजना भी पेश की गई है।
कुल मिलाकर, बीजेपी का यह संकल्प पत्र विकास, रोजगार और पहचान की राजनीति को संतुलित करने की कोशिश करता नजर आता है।
Written By: Kalpana Pandey



