
Electronics Manufacturing: देश में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को मजबूती देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के तहत 7,104 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े 29 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है।
यह जानकारी S Krishnan ने दी, जो इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय में सचिव हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों को Electronics Component Manufacturing Scheme के तहत स्वीकृति दी गई है।
सरकार के इस फैसले से देश में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों के निर्माण को नई गति मिलेगी। साथ ही इससे भारत को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में भी मजबूती मिलेगी।
इन निवेश प्रस्तावों के जरिए करीब 14,246 नए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है, जिससे युवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, इन परियोजनाओं से लगभग 84,515 करोड़ रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक्स घटकों का उत्पादन होने का अनुमान है।
सरकार का कहना है कि इन नई स्वीकृतियों के साथ अब तक कुल 75 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी जा चुकी है। यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ और आत्मनिर्भर भारत अभियान को और गति देने में मददगार साबित होगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के निवेश से भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन बढ़ेगा, आयात पर निर्भरता कम होगी और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
Written By: Kalpana Pandey



