
Pratapgarh News- 29 मार्च 2026 को पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, जीआरपी एवं अन्य शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान जनपद में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें दर्ज मुकदमों की स्थिति, विवेचना की प्रगति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी, न्यायालयीन कार्यवाही तथा लंबित मामलों का विश्लेषण किया गया। साथ ही यूपी-112 कॉल, आईओआरएस और सीसीटीएनएस की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। हत्या, लूट, चोरी, एनडीपीएस, गैंगेस्टर और भूमि विवाद जैसे संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया।
बैठक में जनसुनवाई से जुड़े मामलों, सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। दिन-रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान, टॉप-10 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई, वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति का भी परीक्षण किया गया।
इसके अलावा लंबित मामलों के निस्तारण, गैंगेस्टर एक्ट के तहत प्रस्तावित कार्रवाई, रात्रि में चोरी की घटनाओं पर रोकथाम और “ऑपरेशन दृष्टि” के तहत सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा की गई। भू-माफियाओं के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई तथा गुंडा एक्ट और शस्त्र निरस्तीकरण से जुड़े मामलों की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वांछित और फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाए और सभी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण किया जाए। साथ ही जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
Read Also-UP-PRAYAGRAJ-राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी परिषद की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण : सुनील



