
Easy Lizard Removal Tips: गर्मी बढ़ते ही घरों में छिपकलियों की आवाजाही भी बढ़ जाती है। खासतौर पर किचन, बाथरूम, स्टोर रूम और खिड़कियों के आसपास ये ज्यादा दिखाई देती हैं। कई लोग इन्हें देखकर घबरा जाते हैं, लेकिन अच्छी बात यह है कि इन्हें भगाने के लिए किसी हानिकारक केमिकल की जरूरत नहीं पड़ती। रसोई में मौजूद कुछ सामान्य चीजें ही इस समस्या का आसान समाधान बन सकती हैं।
छिपकलियों को दूर रखने के लिए प्याज और लहसुन सबसे असरदार उपायों में गिने जाते हैं। इनकी तेज गंध उन्हें पसंद नहीं होती, इसलिए इन्हें खिड़कियों और दरवाजों के पास रखने से फायदा मिलता है। इसी तरह काली मिर्च का स्प्रे भी कारगर माना जाता है। पानी में काली मिर्च मिलाकर उन कोनों में छिड़कें जहां छिपकलियां ज्यादा आती हों।
अंडे के छिलके भी एक आसान घरेलू उपाय हैं। इन्हें कोनों या अलमारी के पीछे रखने से छिपकलियां उस जगह से दूर रहती हैं। वहीं नेफ्थलीन बॉल्स को सिंक के नीचे, स्टोर रूम या अलमारी के पास रखने से उनकी तेज गंध छिपकलियों को दूर भगाने में मदद करती है।
अगर छिपकली किसी दीवार पर दिखाई दे जाए तो उस पर बहुत ठंडा पानी छिड़कने से वह कुछ देर सुस्त हो जाती है, जिससे उसे आसानी से घर से बाहर निकाला जा सकता है। इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर आप बिना नुकसान पहुंचाए घर को छिपकलियों से मुक्त रख सकते हैं।
Written By: Kalpana Pandey



