
लखनऊ: लखनऊ में आयोजित स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल एआईटीए पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में दूसरे दिन कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। राजस्थान के अमित और हरियाणा के उपनिषद भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वरीय खिलाड़ियों को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड के सहयोग से आयोजित इस एक लाख रुपये की प्राइजमनी प्रतियोगिता का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।
प्री-क्वार्टर फाइनल में क्वालीफायर अमित ने छठी वरीयता प्राप्त अंशुमान सिंह को 6-2, 6-3 से हराया। वहीं उपनिषद भारद्वाज ने तीसरी वरीयता प्राप्त सार्थक गुलाटी को 6-4, 6-2 से मात दी। इसके अलावा हरियाणा के वंश नंदल ने ऋषि यादव को तीन सेटों के मुकाबले में हराया, जबकि तमिलनाडु के मुकिल रामानन ने वंश यादव को शिकस्त दी।
शीर्ष वरीय मयंक शर्मा ने भी जीत दर्ज करते हुए अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि सुनील कुमार ने चिन्मय देव चौहान को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की।
पुरुष युगल वर्ग में भी मुकाबले शुरू हो गए हैं, जहां कई जोड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। टूर्नामेंट के साथ ही आयोजित टैलेंट हंट प्रतियोगिता में अंडर-10 वर्ग का खिताब अव्यान जैन ने जीता।
यह प्रतियोगिता प्रदेश में उभरते टेनिस खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है।



