
Navratri 2026 : चैत्र नवरात्रि 2026 के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्रि के षष्ठी दिवस पर मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
मंदिर में स्थापित देवी स्वरूप कलश की विधिवत पूजा-अर्चना विद्वान शास्त्रियों द्वारा दुर्गा पाठ के माध्यम से संपन्न की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे धाम का वातावरण भक्तिमय हो गया, वहीं श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह दुर्गा पाठ नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक प्रतिदिन नियमित रूप से किया जाएगा।
षष्ठी तिथि, जो माँ मंगला गौरी को समर्पित होती है, के अवसर पर विशेष परंपरा का निर्वहन भी किया गया। मंदिर के शास्त्रियों ने श्री विश्वेश्वर का अवलोकन कराकर माँ के लिए वस्त्र और श्रृंगार सामग्री विधिपूर्वक अर्पित की। यह सामग्री शक्तिपीठ माँ विशालाक्षी (मंगला गौरी) को समर्पित की गई, जो सनातन परंपराओं और गहरी आस्था का प्रतीक मानी जाती है।
मंदिर प्रशासन ने बताया कि नवरात्रि के शेष दिनों में भी माँ गौरी के विभिन्न स्वरूपों के अनुसार प्रतिदिन वस्त्र एवं श्रृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी। यह आयोजन पूर्णतः पारंपरिक विधि-विधान और सनातन संस्कृति के अनुरूप संपन्न हो रहा है।
नवरात्रि के इस पावन पर्व के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरा धाम भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है।



